जुर्म
14 नवंबर 2026, 5:07 pm · India Times 18
कोतवाली ज्वालापुर के सुभाष नगर में प्रॉपर्टी डीलर समेत पांच लोगों द्वारा की गई फायरिंग में चार आरोपियों को थाना बुग्गावाला क्षेत्र से दबोचा गया, उनसे राइफल, पिस्टल और फॉर्च्यूनर कार बरामद हुई।
हरिद्वार। कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र के सुभाष नगर में हुई फायरिंग की घटना में हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चार आरोपियों को थाना बुग्गावाला क्षेत्र से हिरासत में ले लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार वादी निशांत यादव पुत्र राजनाथ यादव, निवासी सुभाष नगर ज्वालापुर हरिद्वार की लिखित तहरीर पर आरोपियों गुड्डू चौधरी, मनोज कुमार, अंकुर वर्मा उर्फ हन्नी, हरेंद्र चौधरी उर्फ सोनू और एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा अपराध संख्या 749/26 पंजीकृत किया गया।
तहरीर के अनुसार 12-13 नवंबर 2026 की रात ब्रेज़ा और फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार पांच लोगों ने वादी पर जान से मारने की नीयत से पिस्तौल से फायरिंग की। पुलिस के अनुसार मामूली बात को लेकर हुए विवाद में प्रॉपर्टी डीलर ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर अपने कार्यालय में काम करने वाले वादी पर जानलेवा हमला किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद हरिद्वार ने ज्वालापुर क्षेत्रांतर्गत फायरिंग की घटना के दृष्टिगत तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर को निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर ने प्रभारी चौकी बाजार उप निरीक्षक पुष्कर सिंह चौहान के नेतृत्व में टीमें गठित कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
टीम ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को क्षेत्र में सक्रिय कर सुरागरसी की। इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की गई।
13 नवंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर आरोपी गुड्डू चौधरी, मनोज कुमार, हरेंद्र चौधरी उर्फ सोनू और संदीप उर्फ मोनू को थाना बुग्गावाला क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। उनके पास से घटना में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर कार, 315 बोर राइफल, 12 बोर पंप एक्शन गन, देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा राउंड बरामद हुए।
मुकदमे में धारा 61(2) बीएनएस तथा 3/25/29 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी भी की जा रही है।
पकड़े गए आरोपी:
गुड्डू चौधरी पुत्र सतपाल सिंह, निवासी शिवालिक नगर, कोतवाली रानीपुर, जनपद हरिद्वार।
मनोज कुमार, निवासी ग्राम बिटावडा, थाना बुढ़ाना, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश)।
हरेंद्र चौधरी उर्फ सोनू पुत्र सतपाल सिंह, निवासी टिहरी विस्थापित कॉलोनी, कोतवाली रानीपुर, हरिद्वार।
संदीप उर्फ मोनू पुत्र नरेंद्र, निवासी चन्दनहेड़ी ख्वाजापुर, थाना छपरोली, जिला बागपत (उत्तर प्रदेश)।
बरामदगी: 01 राइफल 315 बोर मय 06 जिंदा राउंड व 02 खोखा कारतूस, 01 पंप एक्शन गन 12 बोर मय 04 जिंदा कारतूस, 01 देशी पिस्टल 32 बोर मय 02 मैगजीन व 06 जिंदा कारतूस और फॉर्च्यूनर कार संख्या UK08 बीक्यू 9009।
पुलिस टीम में प्रभारी चौकी बाजार उप निरीक्षक पुष्कर सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र, कांस्टेबल उमेद सिंह, कांस्टेबल सत्येंद्र सिंह, कांस्टेबल नवीन छेत्री, कांस्टेबल हुकुम सिंह, कांस्टेबल रवि चौहान और कांस्टेबल संदीप कुमार शामिल रहे।