जुर्म

हरिद्वार: बीएचईएल सेक्टर-1 में चोरी का खुलासा, दो चोर दबोचे

12 नवंबर 2026, 5:44 pm · India Times 18

हरिद्वार: बीएचईएल सेक्टर-1 में चोरी का खुलासा, दो चोर दबोचे

बीएचईएल सेक्टर-1 में एक ही रात हुए घर और दुकान की चोरी का रानीपुर पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा किया और दो शातिर चोरों को दबोचा।

हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत हरिद्वार पुलिस का अपराधियों के विरुद्ध अभियान जारी है। इसी क्रम में कोतवाली रानीपुर पुलिस ने बीएचईएल सेक्टर-1 में एक ही रात हुई घर और दुकान की चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार सेक्टर-1 बीएचईएल निवासी एक महिला के घर का दिनांक 10 नवंबर 2026 की रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर आलमारी से कान के झुमके, सोने की अंगूठी, दो जोड़ी चांदी के बिछुवे, हाथ की घड़ी और टी-शर्ट चोरी कर ली थी। इस संबंध में 11 नवंबर 2026 को कोतवाली रानीपुर में मु0अ0सं0 411/26 दर्ज किया गया।

दूसरी घटना में सेक्टर-1 बीएचईएल निवासी वीरेंद्र प्रताप सिंह पुत्र चित्रागंद की दुकान का गेट तोड़कर चोरों ने दो पेटी तिल का तेल चोरी किया और सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। इस मामले में 11 नवंबर 2026 को कोतवाली रानीपुर में मु0अ0सं0 412/26 दर्ज हुआ।

एक ही रात हुई इन लगातार दो घटनाओं के तत्काल अनावरण और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर के नेतृत्व में टीम गठित की गई और सीआईयू हरिद्वार को तकनीकी सहयोग देने के निर्देश दिए गए।

टीम ने दोनों घटनास्थलों का मौका मुआयना किया, संदिग्ध गतिविधियों का ग्राफ तैयार किया, आसपास रहने वाले और काम करने वाले लोगों से पूछताछ करके महत्वपूर्ण सुराग हासिल किए और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

इसी क्रम में 11 नवंबर 2026 की रात मुखबिर की सूचना पर सेक्टर-1 आर्य समाज मंदिर के पास चेकिंग के दौरान दोनों शातिर चोरों को दबोच लिया गया।

बरामदगी: एक जोड़ी कान के झुमके, एक सोने की अंगूठी, दो जोड़ी चांदी के बिछुवे, दो हाथ की घड़ियां (फास्ट्रैक व फैक्टर) और तिल के तेल की दो पेटी, कुल 36 बोतल।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उस रात वे घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे थे, जहां परिवार दूसरे कमरे में सो रहा था। उन्होंने मौका देखकर अलमारी खोली और जेवरात निकालकर आपस में बांट लिए। इसके बाद पास की दुकान का गेट तोड़कर अंदर घुसे, जहां पैसे नहीं मिले तो तेल की दो पेटियां चुराकर झाड़ियों में छिपा दीं। वे तेल लेने के लिए वहां आए थे और जेवरात व तेल बेचकर कहीं और जाने की तैयारी में थे।

पकड़े गए आरोपी संदीप पुत्र मदन, निवासी भभूतावाला बाग निकट शिवलोक कालोनी, थाना रानीपुर और सुदीप पुत्र प्रदीप, निवासी वाटर वर्क्स कालोनी निकट शिवलोक कालोनी, रानीपुर, हरिद्वार हैं।

पुलिस के अनुसार संदीप के विरुद्ध रानीपुर, कोतवाली नगर और ज्वालापुर थानों में चोरी व शस्त्र अधिनियम से जुड़े छह मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सुदीप के विरुद्ध ज्वालापुर थाने में एक मुकदमा दर्ज है।

दोनों आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में वृद्धि करते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, उपनिरीक्षक पुनीत दनोसी (चौकी प्रभारी सुमननगर), हेड कांस्टेबल अमित चौधरी, कांस्टेबल दिग्पाल सिंह, कांस्टेबल विवेक गुसांई, कांस्टेबल प्रेम दानू और कांस्टेबल अमित राणा शामिल रहे।

इसी सेक्शन की खबरें