जुर्म
23 अक्टूबर 2026, 5:17 pm · India Times 18
एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन की अध्यक्षता में भगवानपुर में जनता दरबार आयोजित हुआ, जिसमें जनसमस्याओं की सुनवाई कर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।
हरिद्वार। देहरादून से जनपद हरिद्वार पहुंचे अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन की अध्यक्षता में कस्बा भगवानपुर में जनता दरबार आयोजित किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी भगवानपुर, क्षेत्राधिकारी रुड़की एवं देहात क्षेत्र के समस्त थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
जनता दरबार के दौरान डॉ. मुरुगेशन ने उपस्थित जनसमूह से उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह ने भी मुकदमों के त्वरित निस्तारण के लिए पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
अपने संबोधन में अपर पुलिस महानिदेशक ने महिला संबंधी अपराधों में त्वरित एवं कड़ी कानूनी कार्रवाई को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि नशे की लत के कारण अपराधों में वृद्धि हो रही है। उन्होंने आमजन से नशा तस्करी पर लगाम लगाने एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग मांगा।
जनता दरबार में झबरेड़ा क्षेत्र से आए एक ग्रामीण ने दोपहिया एवं भारी वाहनों द्वारा स्कूल-कॉलेजों के बाहर लापरवाही से वाहन चलाने तथा अनावश्यक हॉर्न बजाने की शिकायत की। इस पर डॉ. मुरुगेशन ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित थाना पुलिस को मामले को गंभीरता से लेते हुए ऐसे वाहनों एवं चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने तथा चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से घरों एवं दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील की।
डॉ. मुरुगेशन ने स्पष्ट किया कि पुलिस की प्राथमिकता जनसुरक्षा सुनिश्चित करना है और किसी भी शिकायत का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण किया जाएगा।