जुर्म
27 अक्टूबर 2026, 5:21 pm · India Times 18
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाकर नशे में स्कूल बस चलाने वाले चालक को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशानुसार जनपद में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारु बनाने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान मॉडिफाइड बसों तथा बिना वैध दस्तावेजों के संचालित वाहनों की सघन जांच की गई। इसी दौरान एक स्कूल बस के चालक द्वारा नशे की हालत में वाहन चलाए जाने का मामला सामने आया।
बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने तत्काल स्कूल बस को रुकवाया और बस में सवार सभी स्कूली बच्चों को सुरक्षित रूप से दूसरी स्कूल बस के माध्यम से उनके गंतव्य तक पहुंचाया। इसके बाद नशे में वाहन चलाने वाले चालक के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
अभियान के दौरान कुल 298 वाहनों के चालान किए गए, वहीं नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 7 बसों को सीज किया गया।
यातायात पुलिस हरिद्वार ने दोहराया है कि स्कूली वाहनों में लापरवाही, नशे में वाहन संचालन तथा यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बच्चों के जीवन से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
आगे भी इस प्रकार के चेकिंग अभियान अनवरत चलाए जाएंगे।
गिरफ्तारी एवं कार्रवाई में शामिल पुलिस एवं परिवहन विभाग की टीम में पुलिस उपाधीक्षक यातायात बिपेंद्र कुमार, एआरटीओ निखिल शर्मा, एआरटीओ श्रीमती नेहा झा, प्रभारी निरीक्षक यातायात संदीप सिंह नेगी, उप निरीक्षक यातायात मोहित कुमार, उप निरीक्षक यातायात मुकेश कुमार एवं उप निरीक्षक परिवहन अश्विनी कुमार शामिल रहे।