जुर्म
28 अक्टूबर 2026, 2:08 pm · India Times 18
कोतवाली रानीपुर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर हुई पशु चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई गाय, भैंस और अपाची मोटरसाइकिल बरामद की है।
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली रानीपुर पुलिस ने पशु चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पहले मामले में ग्राम कुतुबपुर निवासी विक्रम सिंह की भैंस चोरी होने की शिकायत पर कोतवाली रानीपुर में मु0अ0सं0 390/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सुमननगर चोर खम्बा के पास स्थित अमरूद के बाग से साहिब पुत्र मुर्सलीन निवासी ग्राम गढ़ दादा पीर, राव सोहेल के घर के पास, पोस्ट मीरपुर, थाना रानीपुर को गिरफ्तार कर चोरी की गई भैंस बरामद की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बहन के इलाज के लिए पैसे जुटाने के उद्देश्य से उसने भैंस चोरी की थी।
दूसरे मामले में सूखी नदी सेक्टर-5, बीएचईएल निवासी गुलाम रसूल के डेरे से गाय चोरी होने की शिकायत पर कोतवाली रानीपुर में मु0अ0सं0 392/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सूखी नदी सेक्टर-5 बीएचईएल से राजा पुत्र निसार निवासी मोहल्ला कस्साबान, चौधरी वाली गली, कोतवाली ज्वालापुर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गई गाय तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की अपाची मोटरसाइकिल बरामद की।
पूछताछ में आरोपी राजा ने स्वीकार किया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गाय चोरी करने गया था। पुलिस को देखते ही उसके साथी मौके से फरार हो गए। आरोपी ने पूर्व में टिहरी विस्थापित कॉलोनी में नए पुल के पास और सेक्टर-04 बीएचईएल से भी सें्ट्रो कार द्वारा गाय चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है।
दोनों मामलों में सुसंगत धाराओं की वृद्धि की गई है। घटना में शामिल फरार आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आज ही माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी- 1. राजा पुत्र निसार निवासी मोहल्ला कस्साबान, चौधरी वाली गली, कोतवाली ज्वालापुर, जनपद हरिद्वार, उम्र 24 वर्ष 2. साहिब पुत्र मुर्सलीन निवासी ग्राम गढ़ दादा पीर, राव सोहेल के घर के पास, पोस्ट मीरपुर, थाना रानीपुर, जनपद हरिद्वार, उम्र 19 वर्ष
बरामदगी- 1. चोरी की गई एक गाय, अनुमानित कीमत करीब 60,000 रुपये 2. चोरी की गई एक भैंस, अनुमानित कीमत करीब 1,00,000 रुपये 3. घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की अपाची मोटरसाइकिल