जुर्म

ऑपरेशन प्रहार: अवैध वसूली कर जान से मारने की धमकी देने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

26 अक्टूबर 2026, 2:59 pm · India Times 18

ऑपरेशन प्रहार: अवैध वसूली कर जान से मारने की धमकी देने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

कोतवाली कनखल पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध वसूली कर जान से मारने की धमकी देने वाले 22 मुकदमों में नामजद हिस्ट्रीशीटर अमित कटारिया को गिरफ्तार किया है।

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली कनखल पुलिस ने अवैध वसूली कर जान से मारने की धमकी देने वाले कुख्यात हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर लिया है।

दिनांक 25 अक्टूबर 2026 को वादी देवनन्द मण्डल व आनन्द कुमार निवासी रविदास बस्ती, थाना कोतवाली कनखल ने तहरीर दी कि मोहल्ला रविदास बस्ती में रहने वाला अमित कटारिया पुत्र हुकम चन्द आए दिन सब्जी, दूध व राशन वालों से सामान लेकर पैसे मांगता है और मना करने पर चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देता है।

आरोपी ई-रिक्शा व टैम्पो चालकों, फड़, ठेली एवं स्टैंड वालों से शराब पीने के लिए अवैध रूप से पैसे वसूलता है। इसके साथ ही छोटे दुकानदारों से गाली-गलौच व मारपीट करने का भी आरोप है।

पीड़ितों ने बताया कि आरोपी खुलेआम दावा करता है कि उसने तीन हत्याएं की हैं, लेकिन किसी का कुछ नहीं बिगड़ सकता। उसकी इन हरकतों से क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ था।

पूर्व में भी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। दिनांक 14 अक्टूबर 2026 तथा 24 अक्टूबर 2026 को पुलिस ने उसे BNSS की धारा 170 के तहत हिरासत में लेकर माननीय न्यायालय में पेश किया था, जहां से जमानत मिलने के बाद वह फिर से वही अपराधिक गतिविधियां करने लगा।

प्राप्त तहरीर के आधार पर कोतवाली कनखल में मु0अ0सं0 412/26 एवं मु0अ0सं0 413/26 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर थाना कनखल पुलिस ने आज दिनांक 26 अक्टूबर 2026 को आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी अमित कटारिया पुत्र हुकम चन्द निवासी रविदास बस्ती, थाना कोतवाली कनखल, जनपद हरिद्वार के विरुद्ध कुल 22 आपराधिक अभियोग दर्ज हैं।

**आरोपी का आपराधिक इतिहास:** 1. हत्या के 03 अभियोग 2. गैंगस्टर एक्ट का 01 अभियोग 3. अवैध वसूली के 03 अभियोग 4. छेड़खानी के 02 अभियोग 5. एनडीपीएस एक्ट का 01 अभियोग 6. अवैध शस्त्र अधिनियम के 04 अभियोग 7. गुंडा एक्ट के 02 अभियोग 8. शराब तस्करी के 02 अभियोग 9. लड़ाई-झगड़ा एवं आगजनी के 02 अभियोग 10. धारा 110 जी के 02 अभियोग

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक अनुज सिंह, उप निरीक्षक प्रकाश चन्द्र, उप निरीक्षक धनराम शर्मा, कांस्टेबल विशन चौहान एवं कांस्टेबल जितेन्द्र राणा शामिल रहे।

इसी सेक्शन की खबरें