उत्तराखंड

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 'ड्रग फ्री उत्तराखण्ड वॉकाथॉन' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया

23 अक्टूबर 2026, 5:16 pm · India Times 18

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 'ड्रग फ्री उत्तराखण्ड वॉकाथॉन' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित 'ड्रग फ्री उत्तराखण्ड वॉकाथॉन' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और नशामुक्त उत्तराखण्ड की शपथ दिलाई।

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज डॉ. बी.आर. आम्बेडकर ग्राउंड, ओएनजीसी, देहरादून में ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित 'ड्रग फ्री उत्तराखण्ड वॉकाथॉन' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और सभी प्रतिभागियों को नशामुक्त उत्तराखण्ड की शपथ भी दिलाई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवाओं सहित सभी प्रतिभागियों से नशामुक्त उत्तराखण्ड के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 'ड्रग फ्री उत्तराखण्ड वॉकाथॉन' केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने और स्वस्थ एवं सशक्त उत्तराखण्ड के निर्माण का संदेश देने वाला महत्वपूर्ण अभियान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य के साथ ही उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। जिस युवा के हाथों में किताबें होनी चाहिए, उसे खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा दिखानी चाहिए और परिश्रम से अपना भविष्य संवारना चाहिए, यदि वह नशे की गिरफ्त में आ जाता है तो उसके सपने और परिवार की उम्मीदें धूमिल हो जाती हैं। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रखकर उनकी ऊर्जा और प्रतिभा को सही दिशा देना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि युवा प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। युवाओं को अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और मेहनत के बल पर आगे बढ़ना चाहिए। नशे से दूर रहने के लिए खेल, योग और व्यायाम को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। अच्छी संगति, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली युवाओं को बेहतर भविष्य की ओर ले जाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार और पुलिस के प्रयासों से नहीं जीती जा सकती। इसके लिए अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने साथियों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।

राज्य सरकार प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ ही जनजागरूकता, नशामुक्ति, उपचार और पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे की लत से प्रभावित व्यक्तियों को सही मार्गदर्शन, परामर्श, उपचार और परिवार का भावनात्मक सहयोग मिलना भी अत्यंत आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों, आयोजकों एवं विशेष रूप से श्री देवेन्द्र सिंह बिष्ट की सराहना की। उन्होंने सभी से 'नशे को ना, जिंदगी को हां' का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों और जनभागीदारी से ही एक स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त उत्तराखण्ड का निर्माण संभव है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री खजान दास, विधायक श्रीमती सविता कपूर, उत्तराखण्ड राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष श्री अशोक वर्मा, डॉ. विकास लोईवाल, ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री देवेन्द्र सिंह बिष्ट सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इसी सेक्शन की खबरें