भारत
28 अक्टूबर 2026, 5:44 pm · India Times 18
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के नेतृत्व में महिला हेल्पलाइन हरिद्वार एवं रुड़की काउंसलिंग के जरिए दम्पत्तियों के आपसी मनमुटाव को सुलझाकर टूटते रिश्तों को जोड़ रही हैं।
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस की महिला हेल्पलाइनें टूटते परिवारों को बचाने और बिखरते रिश्तों को जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
महिला हेल्पलाइन हरिद्वार एवं रुड़की द्वारा पारिवारिक विवादों एवं दम्पत्तियों के आपसी मनमुटाव से जुड़े मामलों में काउंसलिंग और आपसी समझौते के माध्यम से विवादों का समाधान कराया जा रहा है। मामलों की सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों को आपसी संवाद, समझदारी और सामंजस्य के साथ समाधान निकालने के लिए प्रेरित किया जाता है, ताकि परिवार बिखरने से बच सके।
जनवरी 2026 से अब तक महिला हेल्पलाइन हरिद्वार को कुल 966 मामले प्राप्त हुए हैं। इनमें से काउंसलिंग एवं आपसी समझौते के आधार पर 460 परिवारों को फिर से एक साथ जोड़ने में सफलता मिली है।
इसी प्रकार महिला हेल्पलाइन रुड़की को कुल 1105 मामले प्राप्त हुए, जिनमें 556 परिवारों को आपसी समझौते के जरिए फिर से मिलाने में सफलता हासिल हुई है।
दोनों महिला हेल्पलाइन मिलाकर कुल 2071 मामलों का निस्तारण किया गया है और कुल 1016 परिवारों को फिर से एकजुट करने में सफलता मिली है।
हरिद्वार पुलिस का यह प्रयास केवल पारिवारिक विवादों का निस्तारण नहीं, बल्कि परिवारों में आपसी विश्वास, सम्मान और सौहार्द को कायम रखने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि पारिवारिक विवाद की स्थिति में धैर्य और आपसी संवाद को प्राथमिकता दें। आवश्यकता पड़ने पर महिला हेल्पलाइन की मदद लेकर काउंसलिंग का लाभ उठाया जा सकता है। पुलिस महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और परिवारों के हितों को संरक्षित करने के लिए हमेशा तत्पर है।