एजुकेशन
28 अक्टूबर 2026, 2:06 pm · India Times 18
हरिद्वार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं पुलिस विभाग ने इमलीखेड़ा, कलियर, धनौरी क्षेत्र के स्कूलों में 'सुरक्षित बचपन' अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
हरिद्वार। हरिद्वार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के तत्वावधान में बाल संरक्षण और सुरक्षित बचपन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक वृहद विधिक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में आज दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में 'सुरक्षित बचपन' विषय पर जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन किया गया।
इन कार्यक्रमों का आयोजन राजाबाबू इंटर कॉलेज आसफ नगर, धनौरी, एमजीएफएम इंटर कॉलेज कलियर, माजरी इंटर कॉलेज तथा राजकीय इंटर कॉलेज इमलीखेड़ा में किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थिति: राजाबाबू इंटर कॉलेज आसफ नगर, धनौरी में एसीजेएम हरिद्वार एवं उप निरीक्षक महिपाल सैनी की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया। एमजीएफएम इंटर कॉलेज कलियर में प्रथम अपर जिला जज रुड़की अम्बिका पंत, प्रभारी निरीक्षक कलियर कमल मोहन भण्डारी, वरिष्ठ उप निरीक्षक रमेश कुमार सैनी मौजूद रहे। माजरी इंटर कॉलेज में एसीजेएम द्वितीय रुड़की विपिन जी एवं अपर उप निरीक्षक सूरज नेगी ने भाग लिया। राजकीय इंटर कॉलेज इमलीखेड़ा में जेएम प्रथम रुड़की दीप्ति पंत एवं उप निरीक्षक योगेश कुमार ने छात्र-छात्राओं को संबोधित किया।
कार्यशाला का मुख्य फोकस बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता, पॉक्सो (POCSO) एक्ट की बुनियादी जानकारी तथा बच्चों को मानसिक एवं शारीरिक शोषण से सुरक्षित रखने के उपायों पर रहा।
कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों ने बाल संरक्षण कानूनों की जानकारी दी और बच्चों के सवालों का सीधे जवाब दिया। विद्यालय प्रबंधन, स्थानीय नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं ने इस अभियान की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षित बचपन अभियान के तहत इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे।